टनकपुर में विद्युत अधिकारी को ज्ञापन देते भापजाई।

टनकपुर/बनबसा : क्षेत्र में कई हफ्तों से लगातार आए दिन हो रही असमय बिजली कटौती से टनकपुर-बनबसा के बिजली उपभोक्ता खासे परेशान हैं। आक्रोशित लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की मनमर्जी चल रही है। जब मन आए वह बिजली व्यवस्था को बाधित कर देते हैं और जब मन आए बहाल कर देते हैं। इससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

विद्युत अधिकारी से वार्ता करते भाजपा नेता ।

शनिवार को भाजपा टनकपुर मंडल अध्यक्ष पूरन मेहरा व बनबसा मंडल अध्यक्ष संदीप पाठक की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ता टनकपुर स्थित विद्युत विभाग के एसडीओ कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने सहायक अभियंता को समस्या से अवगत कराया। भाजपाईयों का कहना था कि टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में बिजली कटौती मनमर्जी के अनुसार चल रही है। जब मन आए बिजली चली जाती है और आ जाती है। ऐसे में लोगों को अपने रोजमर्रा के काम के साथ ही अन्य कार्यों के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। भाजपा नेताओं ने कहा कि जब विभाग किसी मरम्मत आदि के लिए विद्युत आपूर्ति रोकता है तो वह जायज है और उसकी पूर्व सूचना भी दे। लेकिन बेवजह और बिना किसी सूचना के बिजली आपूर्ति ठप करना उचित नहीं है। चेतावनी दी कि यदि दुबारा ऐसा हुआ तो वह धरना-प्रदर्शन, आंदोलन को विवश होंगे। इधर, विद्युत अधिकारी ने भाजपाईयों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में व्यवस्था बहाल रखने का पूरा प्रयास किया जाएगा। ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। मुलाकात करने वालों में वरिष्ठ भाजपा नेता रोहिताश अग्रवाल, मंडल महामंत्री मुकेश जोशी, मंडल उपाध्यक्ष विजेंद्र अग्रवाल, मीडिया प्रभारी सूरज गुप्ता, सूरज श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here