कुमाऊं पोस्ट, चम्पावत :
जिला मुख्यालय की निकटवर्ती ग्रामसभा डड़ा बिष्ट की महिलाओं ने वहां के सरपंच पर उनसे अभद्रता व गाली गलौज करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में पुलिस अधीक्षक और अपर जिलाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें घटना से अवगत कराते हुए शिकायत पत्र सौंपा।
अपने जिले की हर खबर से रहेंं अपडेट यहांं क्लिक कर कुमाऊं पोस्ट के Whatsapp Group से सीधे जुड़ें
डड़ा बिष्ट की कुछ महिलाएं शनिवार को कलक्ट्रेट पहुंची। उन्होंने वहां एडीएम त्रिलोक सिंह मर्तोलिया व पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह से मुलाकात की और उन्हें शिकायत पत्र ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए शिकायत पत्र में महिलाओं का कहना था कि डड़ा बिष्ट वन पंचायत के सरपंच ने उनके साथ अभद्रता और गाली गलौज की। श्री पूर्णागिरि स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष लक्ष्मी जोशी का कहना है कि सरपंच महिलाओं का अनावश्यक मानसिक उत्पीडऩ कर रहे हैं। बताया कि बीते दिन कुछ महिलाएं जंगल में मवेशियों के लिए चारा, घास और सूखी पिरूल लाने गई थी। इसी दौरान सरपंच ने महिलाओं से अभद्रता और गाली गलौज की। कहा कि इससे पूर्व भी सरपंच का व्यवहार महिलाओं के साथ ठीक नहीं रहा है। कार्रवाई की मांग को लेकर महिलाओं ने शनिवार को एसपी लोकेश्वर सिंह और एडीएम टीएस मर्तोलिया को शिकायत पत्र दिया। शिकायत पत्र देने वालों में गीता बोहरा, प्रेमा रावत, राधा रावत और गीता देवी शामिल रहीं।













