कुमाऊं पोस्ट, चम्पावत : चम्पावत तहसील में गुरुवार को विद्युत व्यवस्था ठप होने से लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दूरदराज क्षेत्रों से तहसील आए लोग काम न होने से मायूस होकर बैरंग लौटे। तहसील का जनरेटर लंबे समय से खराब है और तहसील प्रशासन ने इसकी सुध तक नहीं ली। जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
दरअसल, तहसील क्षेत्र से जुड़ी बिजली की लाइन में विद्युत तार बदलने व मरम्मत आदि का कार्य चल रहा है। जिस कारण तहसील व उसके आसपास विद्युत व्यवस्था बाधित है। बिजली न होने पर वैकल्पिक रूप से तहसील के पास जनरेटर उपलब्ध है, लेकिन उसकी सुध न लिए जाने और रखरखाव के अभाव में वह काफी लंबे समय से खराब पड़ा हुआ है। शोपीस बना वह जनरेटर फिलहाल किसी भी उपयोग में नहीं है। ऐसे में विद्युत व्यवस्था बाधित होने पर तहसील संबंधित सभी कामकाज ठप पड़े हुए हैं। इधर, बिजली कंट्रोल रूम के अनुसार इस का में अभी कुछ घंटे और लग सकते हैं।

नहीं चढ़ पा रहा दाखा, जनाधार केंद्र में काम ठप
चम्पावत : तहसील में बिजली व्यवस्था ठप होने और वैकल्पिक उपयोग के लिए रखे जनरेटर के खराब होने से तहसील संबंधित लगभग सभी कार्य ठप पड़े हुए हैं। खाता खतौनी की नकल नहीं निकल पा रही है, जमीन के दाखिल-खारिज नहीं हो पा रहे हैं और जमीन की आनलाइन रजिस्ट्री प्रभावित है। जनाधार केंद्र में आवश्यक प्रमाण पत्र स्थाई प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र बनाने का काम भी प्रभावित है।
दूरदराज क्षेत्रों से आए लोग, समय के साथ ही धन की भी बर्बादी
चम्पावत : तहसील में जरूरी काम से आए लोग बैरंग लौटे। तल्लादेश, धौन, बनलेख सहित दूरस्थ क्षेत्र से ग्रामीण तहसील में काम कराने आए थे, लेकिन बिजली न होने के कारण उन्हें मायूस लौटना पड़ा। बस्तिया के गणेश भट्ट, चौड़ाख्याली के गोपाल सिंह आदि ग्रामीणों का कहना है कि वह दूरदराज क्षेत्र से आए हैं, लेकिन काम न होने से उनके धन के साथ ही समय की भी बर्बादी हुई। स्थानीय निवासी ऋतिक भंडारी ने बताया कि वह सुबह 10 बजे से तहसील में खतौनी के काम से आए हैं, लेकिन लाइट न होने से काम ठप है। बदहाल व्यवस्था पर तहसील प्रशासन के खिलाफ लोगों में गुस्सा है।
निकाली जाएगी तकनीकि रिपोर्ट, जरूरी होगा तो लेंगे नया जनरेटर : तहसीलदार
चम्पावत : खराब जनरेटर के संबंध में तहसीलदार प्रियंका रानी का कहना है कि वह जनरेटर लंबे समय से खराब पड़ा हुआ है। कार्यदिवस पर लाइट सुचारू रहती है तो जनरेटर का उपयोग कम ही रहता है। उन्होंने बताया कि खराब हुए जनरेटर की तकनीकि रिपोर्ट निकाली जाएगी। दुरुस्त कराने की स्थिति में जनरेटर होगा तो उसे ठीक कराया जाएगा, अन्यथा नया जनरेटर लेने पर विचार किया जाएगा।













