कर्णप्रयाग-बदरीनाथ राजमार्ग पर रविवार सांय को गौचर से कर्णप्रयाग आ रही एक कार गहरी खाई में गिर गई जिससे कार में सवार कर्णप्रयाग विधानसभा सीट के बसपा प्रत्याशी की मौत हो गई है। दुर्घटना में दो लोगों पर हल्की चोटें आई हैं।
कर्णप्रयाग थाने से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सांय को लगभग सवा सात बजे बसपा प्रत्याशी कुलदीप कनवासी गौचर से कर्णप्रयाग चुनाव प्रचार के लिए आ रहे थे, इसी दौरान उनकी कार चटवापीपल के पास करीब पांच सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। कार में तीन लोग सवार थे। पुलिस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कर्णप्रयाग में लाया गया, जहां पर डाक्टरों ने बसपा प्रत्याशी कुलदीप कनवासी को मृत घोषित कर दिया।
चमोली के डीएम विनोद कुमार सुमन ने कुलदीप कनवासी की मौत की पुष्टि कर दी है। बसपा प्रत्याशी की मौत पर कर्णप्रयाग सीट पर चुनाव स्थगित हाने सम्बन्धी सवाल पर डीएम ने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों के बाद ही कोई फैसला लिया जायेगा। बसपा प्रत्याशी की मौत पर पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है। सामाजिक संगठनों सहित राजनीतिक दल से जुडे़ लोगों ने दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है।












