चम्पावत। उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध मां बाराही धाम देवीधुरा में 27 अगस्त से 10 सितंबर तक चलने वाले ऐतिहासिक मेले की तैयारियों को लेकर आज एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य अतिथि अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती ज्योति राय और प्रभारी जिलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा अध्यक्षता के रूप में उपस्थित रहे।15 दिनों तक चलने वाले इस आषाड़ी रक्षाबंधन बग्वाल मेला का मुख्य आकर्षण स्थानीय चार खाम और सात तोकों के रणबांकुरों के बीच 31 अगस्त को फल फूलों से खेला जाने वाला बग्वाल युद्ध होगा जिसे पाषाण युद्ध भी कहा जाता है।
इस दौरान मेला क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विधुत व वाहन पार्किंग तथा सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगने जैसी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान अध्यक्ष जिला पंचायत था स्थानीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने मेले को भव्य व ऐतिहासिक बनाने में हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिया।
इस दौरान प्रभारी जिलाधिकारी ने अभी विभागों को सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में अभी व्यवस्थाओं को चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा मेला अवधि के दौरान मुख्य पर्व व बग्वाल के दिन शराब बंद रहेगी और मांस की दुकानें मेला क्षेत्र से बाहर रहेगी। इस दौरान सांस्कृतिक दलों, लोक कलाकारों को आमंत्रित करने हेतु सूचना एवं संस्कृति विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा 29 अगस्त को बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अल्मोड़ा, नैनीताल जिले के विकासखंड लमगड़ा और ओखलकांडा से भी विभागों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा। मेले अवधि के दौरान विभिन्न खेलकूद, सामान्य ज्ञान, साहसिक आदि प्रतियोगिताएं भी आयोजित कराई जाएगी।













