चम्‍पावत कलक्‍ट्रेट में आरोपी विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते कांग्रेसी।

चम्पावत : दुष्कर्म के मामले में घिरे द्वाराहाट के विधायक महेश नेगी को लेकर कांग्रेसियों का कहना है कि भाजपा सरकार एक ओर बेटी बचाओ का नारा देती है और दूसरी ओर वह अपने ही विधायक को शह देकर बचाने का पूरा प्रयास कर रही है। नेगी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने कलक्ट्रेट में धरना दिया।
जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह देऊ की अगुवाई में कलक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेसियों ने विधायक नेगी के साथ ही प्रदेश सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। उन्होंने नारेबाजी करते हुए कहा कि इस मामले में भाजपा की कथनी और करनी खुलकर सामने आ गई है। वक्ताओं का कहना था कि भाजपा एक ओर बेटी बचाओ बेटी पढाओ का नारा देती है, तो वहीं एक बेटी के साथ दुष्कर्म के आरोपी विधायक नेगी को भाजपा और सरकार बचाने में लगी हुई है। कांग्रेसियों ने विधायक के खिलाफ कार्रवाई कर बर्खास्त किए जाने की मांग की और साथ ही विधायक का डीएनए टेस्ट भी तत्काल कराने को कहा। ताकि महिला को इंसाफ मिल सके। इसके बाद कांग्रेसियों ने प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। प्रदर्शन करने वालों में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भगीरथ भट्ट, पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा, सेवादल अध्यक्ष हरीश चौधरी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज प्रहरी, हरगोविंद बोहरा, विकास साह, मयूख चौधरी, प्रकाश बोहरा, अभिषेक गंगोला आदि शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here