चंपावत -यूकेडी के समर्थन में आज चम्पावत में मिस उत्तराखंड नेहा ने लोगों से समर्थन जुटाया | चंपावत जिला मुख्यालय में उत्तराखंड क्रांति दल का प्रचार करने पहुंची मिस उत्तराखंड नेहा चंद राजपूत ने स्टेशन बाजार में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य बने सोलह साल का समय बीत चुका है, परंतु जो विकास उसका होना चाहिए व दूर-दूर तक कही नजर नहीं आ रहा है। लोगों का सपना था कि राज्य बनने के बाद उनकी मूलभूत समस्याएं दूर होंगी। परंतु आज हालात जस के तस बने हुए हैं, अब समय आ चुका है कि लोगों को जागना होगा।
नेहा का कहना था कि यूकेडी ही वह पार्टी है जो राज्य का विकास कर सकती है और उसके विकास की सोच रखती है। उन्होंने कहा कि मैं भी उत्तराखंड की निवासी हॅू। मुझे भी यहां के पलायन, बेरोजगारी व मूलभूत समस्याओं के निराकरण न होने से दर्द होता है। उन्होंने लोगों से यूकेडी के समर्थन में मतदान करने की मांग की।
यूकेडी प्रत्याशी त्रिलोक चन्द्र सोराड़ी ने भाजपा और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि दोनों ही पार्टियों ने राज्य का विकास अवरूद्ध किया है। आज युवा बेरोजगारी का दंश झेल रहा है। राज्य बने सोलह साल हो चुके हैं परंतु भाजपा व कांग्रेस ने राज्य के 16 लोगों को रोजगार तक नहीं दिया है। आज राज्य के युवाओं की स्थिति काफी दयनीय है। उन्होंने लोगों से यूकेडी के समर्थन में वोट करने की अपील की। इस मौके पर यूकेडी के केन्द्रीय महामंत्री डीबी चंद, केन्द्रीय संगठन मंत्री महेश रजवार ,नारायण सिंह महर, बंसत सिंह तड़ागी, भूपेन्द्र महर, रजत तडागी यूकेडी जिलाध्यक्ष मोहन चौधरी, तारा दत्त थ्वाल समेत कई लोग मौजूद थे।













