कुमाऊँ पोस्ट चम्पावत : जिला अस्पताल में चल रही गुटबाजी अब खुलकर सामने आ रही है। चिकित्सक दंपत्ति स्त्री और प्रसूति रोग विशेषज्ञ (गाइनेकोलॉजिस्ट) के खिलाफ अस्पताल का एक गुट उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय में एक मंच पर आए विभिन्न संगठनों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला स्पताल प्रशासन का पुतला फूंका। कहा कि सर्जन और प्रसूति रोग विशेषज्ञ के बेहतर कार्य और कर्तव्यनिष्ठा से अस्पताल का एक गुट असंतुष्ट है और उन्हें मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा है।

मोटर स्टेशन में एकत्रित हुए विभिन्न संगठनों के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग व जिला अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू की। वहां मौजूद लोगों का कहना था कि कुछ समय पहले सर्जन और महिला रोग विशेषज्ञ की तैनात की के बाद से लोगों को काफी सुविधा मिल रही है। बताया कि पिछले ढाई माह में सौ से अधिक प्रसव हुए हैं और जिनमें कि 40 प्रसव ऐसे थे तो हाई रिस्क के थे, वह सभी सफलता पूर्वक किए गए हैं। आरोप लगाया कि चिकित्सकों की कर्तव्यनिष्ठा को देखकर जिला अस्पताल का एक गुट रास नहीं आ रहा है और उनके तबादले को जोर लगाया हुआ है। साथ ही उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। साथ ही प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन के कुछ लोग ही निजी चिकित्सालयों को लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्य बाजार में एकत्रित हुए लोगों ने सीएमओ डॉ.आरपी खंडूरी और पीएमएस डॉ.आरके जोशी के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि विधायक कैलाश गहतोड़ी के प्रयासों से जिला अस्पताल में ढाई साल बाद स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती हुई है और गायनी व सर्जन दंपत्ति की तैनाती के बाद मरीजों की रेफर होने वाली संख्या में कमी आई है। ढाई माह के अंदर ही सर्जन व गायनी पति-पत्नी ने 50 से अधिक मुश्किल प्रसव करवाकर गरीब लोगों के लाखों रूपये बर्बाद होने से बचाए हैं। वहीं, जिला अस्पताल का एक गुट सर्जन और गायनी दंपत्ति को अस्पताल से हटाने की कोशिश कर रहा है। साथ ही उन्हें बार-बार मानसिक रूप से परेशान भी किया जा रहा है। जिससे निजी अस्पतालों से सांठ-गांठ हो सके। चेतावनी दी कि यदि जिला अस्पताल में गुटबाजी खत्म नहीं हुई तो सभी संगठन एकजुट होकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शनकारियों ने सीएम और स्वास्थ्य सचिव को ज्ञापन भेजकर स्वास्थ्य विभाग चम्पावत में तैनात उच्चाधिकारियों के स्थानांतरण की पुरजोर मांग की है।
पुतला दहन करने वालों में पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ सक्टा, सभासद नंदन तड़ागी, रोहित बिष्ट, भाजपा नगर अध्यक्ष कैलाश अधिकारी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज प्रहरी, छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित कार्की, सपा जिलाध्यक्ष ललित मोहन भट्ट, दिग्विजय कार्की, राधे जोशी, अभिषेक गंगोला आदि शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here