टनकपुर : राजकीय इंटर कॉलेज टनकपुर के प्रधानाचार्य पांडेश्वर नाथ त्रिपाठी का रविवार को सुशीला तिवारी अस्पताल में निधन हो गया। वह कोरोना पाजीटिव पाए गए थे। उनके निधन की सूचना मिलने पर जनपद के शिक्षकों में शोक की लहर है और परिवार में मातम का माहौल है।
अपने जिले की हर खबर से रहेंं अपडेट यहांं क्लिक कर कुमाऊं पोस्ट के Whatsapp Group से सीधे जुड़ें
वह मूलरूप से उत्तरप्रदेश के बभनपुर प्रतापगढ़ के रहने वाले थे और हाल में वह खटीमा में रह रहे थे। पिछले माह 13 जुलाई को अपने वाहन से स्कूल आते वक्त चकरपुर के पास वह दुर्घटना का शिकार हो गए थे और उनके दाहिने हाथ-पांव में चोट आने से प्लास्टर लगा हुआ था। इसी बीच उनका बड़ा पुत्र ओम त्रिपाठी कोरोना संक्रमित मिल गया। जिसे काशीपुर निजी होटल में आइसोलेशन में रखा गया था। इसी बीच प्रधानाचार्य त्रिपाठी जी की तबियत अचानक खराब हो गई तो परिजन उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल में ले गए। जहां कोरोना जांच में वह संक्रमित मिले। हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में वेंटीलेटर पर रखा गया था। उपचार के दौरान रविवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। वह अपने पीछे पत्नी व दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। उनके निधन के बाद से जहां शिक्षा जगत व अन्य संगठन से जुड़े लोगों में शोक की लहर है, वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उनके निधन पर विधायक कैलाश गहतोड़ी, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, डीएम एसएन पांडेय, सीईओ आरसी पुरोहित, डीईओ माध्यमिक डीएस राजपूत, बेसिक सत्यनारायण, प्रभारी प्रधानाचार्य रूप सिंह राजपूत सहित शिक्षक संगठन से जुड़े तमाम शिक्षकों व अन्य लोगों ने शोक जाहिर किया है।













