कुमाऊं पोस्ट, चम्पावत : मार्च माह से कोरोना महामारी शुरू होने के बाद धीरे-धीरे पहाड़ों में भी बीमारी ने पैर पसारे और अब तो मामले लगातार बढ़ रहे हैं। संक्रमण को रोकने और उसकी टेस्टिंग के लिए चिकित्सा विभाग की मोबाईल टीमें लगातार तब से अभियान के तहत जुटी हैं और देर रात तक लोगों की टेस्टिंग कर रही है। उसके बावजूद भी कोरोना टेस्ट करने गई टीम के साथ अभद्रता के मामले सामने आ रहे हैं।
अपने जिले की हर खबर से रहेंं अपडेट यहांं क्लिक कर कुमाऊं पोस्ट के Whatsapp Group से सीधे जुड़ें
बीते रोज मंगलवार को कोरोना टेस्टिंग और सैंपल लेने के लिए एक मोबाईल टीम डॉ.मनीष बिष्ट की अगुवाई में एड़ी गुरौली ग्राम पंचायत में गई हुई थी। उनके साथ टीम में महिला कर्मी भी शामिल थी। इस दौरान सैंपल लेते वक्त एक युवक ने महिला कर्मी के साथ अभद्रता की। जिसके बाद चिकित्सा टीम ने सैंपलिंग का काम छोड़ दिया और तत्काल इसकी सूचना तहसीलदार और पुलिस को दी। मामले का संज्ञान लेते हुए तहसीलदार ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा। जिसमें उन्होंने लिखा है कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार मोबाइल टीमों के द्वारा सैंपलिंग की जा रही है। मोबाइल टीम द्वारा उन्हें अवगत कराया गया कि सैंपलिंग में ग्रामीणों द्वारा रूचि नहीं ली जाती है और कभी-कभी मोबाइल टीम के साथ अभद्रता की नौबत तक आ जाती है। मोबाइल टीम में महिला कर्मी भी शामिल हैं तो सुरक्षा के लिहाज से सामाजिक दूरी बनाए रखने और अभद्रता की स्थिति नियंत्रित करने के लिए टीम के साथ दो पुलिस जवानों को टीम के साथ भेजा जाए। चिकित्सा टीम ने बताया कि इससे पूर्व भी कुछ गांवों में उनके साथ ग्रामीणों द्वारा अभद्रता की गई थी।













