चम्पावत : पूर्व विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता कृष्ण चन्द्र पुनेठा पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके पैतृक आवास से शमशान घाट तक उनके शव को भाजपा के झंडे में लिपटाकर शव यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में उमड़े लोगों ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी।
पिछले लंबे समय से बीमारी के कारण बीती बुधवार रात को उनका निधन हो गया था। 21 सितंबर को वह हेलीकाप्टर से मुंबई रवाना हुए थे और कल ही अपने घर लौटे थे।
गुरुवार को फोर्ती ग्रामसभा के अंतर्गत आने वाले दगड़ेश्वर घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
पिछले लंबे समय से वह भाजपा और जनसंघ से जुड़े रहे। उनकी पार्टी के प्रति समर्पण भाव और सम्मान को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके शव को भाजपा के झंडे में लिपटाकर पैतृक घर से शमशान घाट तक शव यात्रा निकाली।
पूर्व विधायक को उनके पुत्र मयंक पुनेठा, उनके भाई गिरीश पुनेठा, प्रकाश पुनेठा, सतीश पुनेठा, मनोज पुनेठा, दिनेश पुनेठा, भतीजे दीपेश पुनेठा ने संयुक्त रूप से मुखाग्नि दी।
अंतिम संस्कार में प्रशासन की ओर से एसडीएम आरके गौतम, पूर्व राज्यसभा सांसद महेन्द्र माहरा, दर्जा राज्यमंत्री हयात माहरा, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।