कुमाऊं पोस्ट न्यूज :
कोरोना महामारी के कारण हुए लाकडाउन के बाद से ठप पड़ी अंतर्राज्यीय बस सेवा शुरू होने के आसार नजर आ रहे हैं। उम्मीद लगाई जा रही है कि जल्द ही दूसरे राज्यों के लिए उत्तराखंड से बस सेवा शुरू हो सकती है। इसके लिए अगले हफ्ते तक आदेश और नियम जारी होनी की संभावनाएं जताई जा रही हैं। इससे न केवल उत्तराखंड की बसें दूसरे राज्यों में जाएंगी, बल्कि उन राज्यों की बसें भी उत्तराखंड आएंगी। फिलहाल शुरूआत में 100-100 बसों के संचालन की योजना बनाई जा रही है।
अपने जिले की हर खबर से रहेंं अपडेट यहांं क्लिक कर कुमाऊं पोस्ट के Whatsapp Group से सीधे जुड़ें
उत्तराखंड का परिवहन विभाग इसके लिए सरकार से अनुमति लेने की तैयारी में जुटा है। बताया जा रहा है कि इस प्रस्ताव की एक फाइल सीएम कार्यालय भेजी गई है। संभावना जताई जा रही है कि बस सेवाओं के शुरू करने के साथ ही जून में बढ़ाए गए किराए को भी वापस लिया जा सकता है। कोरोना से पहले का किराया लागू किया जा सकता है।
आपको बता दें कि यूपी ने पहले ही सरकार को बसों के संचालन के लिए प्रस्ताव भेजा था। लेकिन सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अनुमति नहीं दी थी। लेकिन अब परिवहन निगम के आर्थिक स्थिति के बिगड़ते हालात को देखते हुए सरकार अब बसों के संचालन के लिए सहमति जता सकती है।
इन राज्यों के लिए चल सकती हैं बसें –
लंबे समय बाद उत्तराखंड से दिल्ली, उत्तर-प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल और राजस्थान के लिए रोडवेज बसों की सेवा शुरू हो सकती है। उत्तराखंड की बसें तो इन राज्यों में जाएंगी ही, साथ ही इन राज्यों की बसें भी उत्तराखंड आएंगी। इसके लिए राज्यों के परिवहन विभाग से सामंजस्य बनाया जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार जल्द आदेश जारी कर सकती है।
बसों में सवार यात्रियों के लिए यह होंगी गाइडलाइन –
1. शरीर के तापमान की जांच के लिए प्रत्येक रोडवेज स्टेशन पर थर्मल स्कैनर लगाया जाएगा। बस स्टॉफ परिचालक को भी तापमान जांचने के लिए मशीन दी जाएगी। मानक के अनुसार तापमान होने पर ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
2. दूसरे राज्यों से उत्तराखंड आने वाले यात्रियों को देहरादून स्मार्ट सिटी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा।
3. स्वास्थ्य संबंधी प्रोटोकाल का सभी यात्रियों को नियमानुसार पालन करना होगा।