नई दिल्‍ली में भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा से बातचीत करते डीडीहाट विधायक विशन सिंह चुफाल।

नई दिल्ली : सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से नाराज चल रहे भाजपा विधायकों के एक गुट ने विधायक विशन सिंह चुफाल के नेतृत्व में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से दिल्ली में मुलाकात की है। विधायकों ने उत्तराखंड के वर्तमान हालातों से राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा को रूबरू कराया है। नाराज चल रहे विधायकों का साफ कहना है कि वह सीएम के नेतृत्व में बिल्कुल चुनाव नहीं लड़ सकते हैं, चाहे उन्हें पार्टी बदलनी पड़ जाए। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उनकी बातों का ख्याल रखा जाएगा।
उत्तराखंड में इन दिनों राजनीतिक गलियारों में भाजपा संगठन में चल रही गुटबाजी की चर्चाएं चरम पर हैं। दो दर्जन से ज्यादा भाजपा के ही विधायक सरकार और सीएम से नाराज बताए जा रहे हैं। नाराज विधायकों ने हल्द्वानी में एकत्रित होकर बैठक की और फिर आलाकमान को अपनी व्यथा बताने दिल्ली चले गए। नाराज विधायकों ने डीडीहाट विधायक विशन सिंह चुफाल की अगुवाई में दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इन विधायकों में चुफाल के अलावा लोहाघाट विधायक पूरन सिंह फत्र्याल, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला सहित 15 विधायक बताए जा रहे हैं। सभी किसी ना किसी रूप में सरकार और सीएम से नाराज चल रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा को अपनी व्यथा और असंतुष्ट होने की वजहें साफ की। बताया जा रहा है कि अधिकांश विधायक भ्रष्टाचार के कारण नाराज चल रहे हैं। उधर, राष्ट्रीय अध्यक्ष का कहना है कि वह उत्तराखंड की स्थिति से भलीभांति वाकिफ हैं और उन्होंने विधायकों को उचित समाधान का आश्वासन दिया है।

साफ कहा – सीएम के नेतृत्व में नहीं लड़ सकते चुनाव
नाराज विधायकों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से साफ तौर पर कहा है कि वह सीएम रावत के नेतृत्व में 2022 का चुनाव बिल्कुल भी नहीं लड़ सकते हैं। ऐसे में पार्टी की हार और नुकसान पहुंचना तय है। उनका कहना है कि यदि भाजपा सीएम को चेहरा बनाकर चुनाव लड़ती है तो वह पार्टी बदल लेंगे, लेकिन सीएम के नेतृत्व में चुनाव नहीं लड़ेंगे।
प्रदेश में नेतृत्व बदलने की संभावनाएं बढ़ी
भाजपा विधायकों के दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के बाद प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की संभावनाओं को और बल मिल गया है। भाजपा के सूत्रों की मानें तो विधायकों ने दिल्ली में साफ तौर पर सीएम बदलने की सिफारिश भी की है। जब आलाकमान ने विधायकों को उनकी समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया है तो संभावना प्रबल हो गई है कि सीएम का चेहरा बदल सकता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात करने वाले एक विधायक ने कुमाऊं पोस्ट को बताया कि उन्होंने प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की बात को भी प्रमुखता से रखा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here